साइबर सेल की मदद से मिला घरेलू सामान
घर पहुंचाने के लिए आनलाइन बुकिंग में धांधली की खुली पोल
19 सितंबर को आनलाइन बुकिंग कराई गई थी
महराजगंज। शहर के जय प्रकाश नगर के रहने वाले दुर्गेंद्र तिवारी का कुछ जरूरी सामान मध्य प्रदेश के अलिराजपुर से जय प्रकाश नगर आवास पर आना था। लेकिन सामान घर पर नहीं पहुंचा। आनलाइन सामान घर लाने के लिए बुकिंग कराया गया था। मामला 19 सितंबर का है। घर पर सामान नहीं पहुंचा तो इसकी शिकायत साइबर सेल प्रभारी मनोज कुमार पंत से की। उनके द्वारा इसकी जांच-पड़ताल शुरू की गई।
ट्रैकिंग में पाया गया गया कि घरेलू सामान मध्य प्रदेश के इंदौर के देवास नाका के पास गोदाम में है। वहां जाकर पीड़ित के शुभचिंतकों ने देखा तो सामान पड़ा हुआ था। वहीं से पूरा सामान बरामद होने पर पीड़ित दुर्गेंद्र ने राहत की सांस ली। साथ ही साइबर सेल के प्रभारी के प्रति आभार प्रकट करते हुए उनको सम्मानित किया। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेंद्र तिवारी ने बताया कि बाइक, एसी, फ्रीज, टीवी समेत अन्य समान आनलाइन 19 को महराजगंज लाने के लिए मध्य प्रदेश के अलिराजपुर से बुक कराया था। लेकिन, सामान घर नहीं पहुंचा तो शक के आधार पर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई। इसका परिणाम रहा कि समय से ट्रैकिंग शुरू कर दी गई। बुकिंग करने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर आन होने की वजह से ट्रैकिंग में आसानी हुई। बुधवार को पूरा सामान बरामद हो गया।