घर-घर खोजे जाएंगे टीबी के मरीज, अभियान 24 से
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिले में टीबी रोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 24 फरवरी से सघन खोज अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए सोमवार को जिला अस्पताल के टीबी क्लिनिक में सभी चिकित्साधिकारियों और जांच केंद्र प्रयोगशाला सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉक्टर पीए लारी ने कहा कि क्षय रोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टीमें घर - घर जाकर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएंगी। इसके लिए जिले में 112 टीमें लगाई जाएंगी। जांच के दौरान टीमें मरीज के बलगम के नमूने लेंगी। उसकी जांच कर 48 घंटे के अंदर संबंधित मरीज का उपचार शुरू कर दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम समन्वयक हरिशंकर त्रिपाठी ने टीम में शामिल लोगों से कहा कि चिह्नित स्थानों व गांवों में घर - घर जाकर मरीजों की जांच करें और इस दौरान टीबी रोग के प्रति लोगों को जागरूक भी करें। जिससे लोगों को इस रोग के बारे में जानकारी मिल सके और समय से इलाज करा सकें।इस मौके पर डॉक्टर दिवाकर राय, डॉक्टर राकेश दिवेदी, डॉक्टर राकेश श्रीवास्तव, त्रिलोकी प्रसाद, महेश अग्रहरि, धीरेंद्र कुमार, आशुतोष मिश्रा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।