महराजगंज। लोकसभा निर्वाचन 2024 को सकुशल संपन्न कराने में जिले के होमगार्ड्स भी अपनी सेवाएं देंगे। तृतीय, चतुर्थ, पंचम एवं षष्ठम चरण के चुनाव में ड्यूटी के लिए विभाग ने उन्हें आदेशित कर दिया है। विभिन्न चरणों में गैर जनपद जाने वाले जवानों को अतिरिक्त भत्ता देने की घोषणा भी विभाग ने की है जिससे उन्हें किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। इसके अलावा जिले में भी होमगार्ड्स अपनी ड्यूटी विभिन्न बूथों पर करेंगे।
बुधवार को जिला कमांडेंट होमगार्ड्स की अध्यक्षता में विभाग के जिला कार्यालय में विभाग के वैतनिक एवं अवैतनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक संपन्न हुई। कमांडेंट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय उत्तर प्रदेश की मांग के आधार पर होमगार्ड्स मुख्यालय उत्तर प्रदेश ने जनपद के होमगार्ड्स की ड्यूटी विभिन्न चरणों में तय की है। तृतीय चरण में 515 जवान मैनपुरी जनपद में, चतुर्थ चरण के लिए 515 जवान कानपुर देहात तथा पांचवें चरण के लिए 415 होमगार्ड कानपुर देहात व 100 जवान बलरामपुर जिले में ड्यूटी करेंगे।
छठवें चरण में संतकबीरनगर जिले में 465 तथा आजमगढ़ में 50 जवान ड्यूटी करेंगे। सातवें चरण के लिए महराजगंज में 3405 होमगार्ड विभिन्न बूथों, बैरियरों, पिकेट, मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के हमराह आदि की ड्यूटी करेंगे। उन्होंने बताया कि सातवें चरण के लिए महराजगंज जिले में वाह्य जनपद कानपुर नगर से 1978, हाथरस से 300, पीलीभीत से 300 तथा गाजियाबाद से 313 होमगार्ड्स के जवान आएंगे। कमांडेंट ने जवानों को पूरे मनोयोग के साथ निर्वाचन ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अनिल श्रीवास्तव, सत्यनारायण, अरविंद कुमार सरोज, चंद्रभान राम, रामचंद्र केश्वर तथा अवैतनिक अधिकारियों में जयराम पटेल, रामकृपाल पटेल, विजय कुमार, सुदामा प्रसाद, उदयराज मुनि त्रिपाठी, अमरनाथ यादव, विनय कुमार सिंह, तारकेश्वर मणि आदि मौजूद रहे।