पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह के दौरान मौजूद एसपी सोमेंद्र मीणा और पुलिस कर्मी।
महराजगंज। बृहस्पतिवार को होली पर्व पर पुलिस लाइंस परिसर में उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ रंगों का त्योहार मनाया गया। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइंस सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अधीनस्थ कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अबीर-गुलाल लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे पर रंग बरसाए, फूलों की होली खेली और पारंपरिक रंग-बिरंगे रंगों से एक-दूसरे को रंग दिया। पूरा पुलिस लाइंस परिसर हंसी-ठिठोली, गुलाल और अबीर से रंग-बिरंगा हो गया। कर्मचारी और अधिकारी आपसी भाईचारे के साथ मिलकर उत्सव का आनंद लेते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर उपस्थित सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली त्योहार प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, यह पर्व हमें पुरानी कटुता भूलकर नए सिरे से संबंध मजबूत करने का अवसर देता है।
उन्होंने सभी से अपील की कि होली को शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाना चाहिए तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस परिवार हमेशा समाज की सुरक्षा और सद्भावना के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी क्षेत्राधिकारी, पुलिस लाइंस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।