सांसद खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ हुआ।
महराजगंज। राष्ट्रीय खेल दिवस पर शुक्रवार को महराजगंज स्पोर्ट्स स्टेडियम की तरफ से खेल स्पर्धा महंथ दिग्विजय नाथ इनडोर स्टेडियम चौक बाजार में आयोजित की गई। खेल स्पर्धाओं का स्टेडियम में शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुए किया।
अंडर-14 स्पर्धाएं हाकी से प्रारंभ हुई जिसमें कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने आरके शनशाइन की टीम को हराकर खिताब पर कब्जा किया। कबड्डी में कुल 18 टीमों ने प्रतिभाग किया।
इसमें अवराटार की सुभाष चंद्र बोस टीम ने डीएनआईसीसी भगत सिंह टीम को हराया। बास्केटबॉल में आठ टीमों ने प्रतिभाग किया जिसमें लिटिल फ्लावर की आंबेडकर टीम ने नवोदय महराजगंज को पराजित किया। आयोजन समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष रविकान्त पटेल, अजय मद्धेशिया, डाॅ. हरेंद्र यादव प्राचार्य, सूर्य प्रकाश गुप्ता, वैभव सिंह ने जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी के साथ जीतने वाली टीम को सम्मानित किया।