सिसवां अमहवा पहुंची टीम ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
महराजगंज। सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने शुक्रवार को सदर क्षेत्र के ग्राम सिसवां अमहवा में पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान कोरोना से गांव में मृत व्यक्ति की पत्नी भी पॉजिटिव मिली, जिसे घर पर ही होम आइसोलेट करा दिया गया। शेष ग्रामीणों को भी बचाव के तौर-तरीकों को लेकर जागरूक किया गया।
कोरोना संक्रमण की वजह से बृहस्पतिवार को सिसवां अमहवा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इससे ग्रामीण काफी सहमे हुए थे। सदर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. केपी सिंह, बीपीएम सूर्यप्रताप सिंह ने एएनएम पुष्पा तथा आशा कार्यकर्ताओं के साथ गांव में पहुंचकर मृत व्यक्ति के परिजनों की भी जांच की। रैंडम जांच में मृत व्यक्ति की पत्नी भी पॉजिटिव मिली, जिस पर उसे होम आइसोलेशन होने के लिए कहा गया। इसके साथ ही ग्रामीणों को भी बचाव के तौर-तरीकों को लेकर जागरूक किया गया। सभी से मास्क का नियमित प्रयोग करने, स्वच्छता रखने व सैनिटाइजर का प्रयोग करने को कहा गया। यह भी बताया गया कि सभी से दो गज की दूरी बनाकर रखी जाए।