श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की अनोखी शिकायत की क्षेत्र में हो रही चर्चा
प्रेमी द्वारा रिश्ता तोड़ने पर युवती ने 112 नंबर फोन कर पुलिस से की शिकायत
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती द्वारा 112 नंबर पर पुलिस से की गई अनोखी शिकायत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। युवती ने अपने प्रेमी पर दो वर्षों तक संबंध रखने के बाद अचानक संपर्क खत्म करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत है कि युवक ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया है और अब उससे मिलने-जुलने से भी बच रहा है। युवती ने प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, युवती का प्रेम संबंध गुलहरिया थाना क्षेत्र के एक युवक से था। बताया जा रहा है कि युवक की रिश्तेदारी युवती के गांव में है। रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे नजदीकी में बदल गई। पिछले करीब दो वर्षों से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी और दोनों एक-दूसरे के काफी करीब आ गए थे। युवती का आरोप है कि कुछ दिनों से युवक ने अचानक उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
पहले उसने फोन उठाना बंद किया और बाद में मोबाइल नंबर ही ब्लॉक कर दिया। इतना ही नहीं, युवक अब गांव स्थित अपनी रिश्तेदारी में भी नहीं आ रहा है। इससे परेशान युवती ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने पर उसने 112 नंबर पुलिस को कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस की पूछताछ में युवती प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कह रही थी। एसओ अभिषेक सिंह का कहना है कि मामला दूसरे थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण युवती को संबंधित थाने में जाकर शिकायत करने की सलाह दी गई है।