महराजगंज। अगले तीन दिन तक महराजगंज की तराई सहित पूरे सूबे में मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को धूप की तल्खी में बढ़ोतरी के साथ हवा की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रतिघंटा रहेगी जिससे सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लू की स्थिति होगी। इस दौरान बाहर निकलने से परहेज की चेतावनी दी गई है। बुधवार जनपद का अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटा रही।
धूप की प्रचंडता अब और मजबूत होने जा रही है। ज्योतिष गणना के मुताबिक, नौतपा 25 मई से लग रहा, लेकिन उससे पहले ही विषम परिस्थिति बन रही हैं। बीते दो दिनों से धुंधली रहकर भी दिन की धूप तल्ख बनी हुई थी जिन्हें हवाओं का साथ मिलता रहा। हालांकि दिन डूबने के बाद हवा पूरी तरह से बंद जाने के चलते रात में भी उमस भरी गर्मी से जूझना मजबूरी बनी थी। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार से हालात और बिगड़ेंगे व तेज धूप व हवाओं की रफ्तार हीट वेव का दायरा दिन में 11 बजे से शाम चार बजे तक बन रहेगा। 23 व 24 मई को जनपद को आरेंज अलर्ट दायरे में लाया गया है, धूप की तल्खी में किसी तरह की नर्मी के संकेत नही हैं।
कोट
किसान भाई धान की नर्सरी सिंचाई अथवा धान रोपाई वाले खेतों को तैयार करने की कवायद दिन में करने से परहेज करें। सिंचाई व खेत तैयार करने का कार्य देर शाम या भोर के वक्त पूरा करें।
शैलेंद्र प्रताप सिंह, डीएओ, महराजगंज
21, 22 व 23 मई को हीट वेव के हालात पूर्वी व पश्चिमी यूपी के सभी जनपदों के लिए बन रहे हैं। 24 व 25 मई को भी अधिक राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिन में बाहर निकलने से परहेज करें, भरपूर पानी व तरल पदार्थ का सेवन करें।
अतुल कुमार सिंह, प्रभारी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र