परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महदेइया निवासी एक युवक सऊदी अरब में फंसा है। पीड़ित के भाई ने क्षेत्राधिकारी नौतनवा को शिकायती पत्र सौंपकर भाई की वतन वापसी और आरोपी एजेंट पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत महदेइया निवासी रामतिलक साहनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपने भाई अनिरुद्ध साहनी को विदेश भेजने के लिए नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रतनपुर निवासी एक एजेंट से संपर्क किया था। एजेंट को विभिन्न तिथियों में यूपीआई के जरिए उसने एक लाख 25 हजार रुपये का भुगतान भी किया था।
वहीं नोटरी शपथपत्र के मुताबिक अनिरुद्ध को सऊदी अरब की शम्स अल खयाल ट्रेडिंग कंपनी में कार चालक के पद पर भेजा गया था। एजेंट ने 10 घंटे की ड्यूटी के एवज में हर महीने 1800 रियाल सैलरी देने और कोई भी दिक्कत होने पर अपने खर्च पर वापस बुलाने का लिखित वादा किया था।
आरोप है कि अनिरुद्ध बीते 15 जनवरी को सऊदी अरब पहुंचा और वहां करीब एक महीना 25 दिन ड्राइवर के रूप में काम किया। इस दौरान उसे एक भी महीने का वेतन नहीं दिया गया और उल्टे कंपनी ने उसका वीजा रद्द कर उसे नौकरी से बाहर निकाल दिया।
इस संबंध में पीड़ित परिवार ने बीते 7 अप्रैल को स्थानीय थाने में तहरीर दी थी, जिस पर दोनों पक्षों के बीच 1 मई तक सैलरी दिलाने का सुलहनामा हुआ था। फिर भी एजेंट अपनी बात से मुकर गया। पीड़ित का आरोप है कि एजेंट ने साजिश रचकर उसके भाई को कंपनी से बाहर निकलवाया है। पीड़ित भाई ने सीओ नौतनवा से आरोपी एजेंट से सैलरी व आने-जाने का खर्च दिलवाने व उसके भाई को जल्द से जल्द सकुशल भारत वापसी की मांग की है।