परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार में मंगलवार को देर शाम एक किशोर का शव छत की कुंडी में रस्सी से लटका मिला। मृतक की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार निवासी राजीत चौधरी (17) मंदबुद्धि था। बुधवार को उसका शव घर के अंदर छत की कुंडी से लटका मिला। राजीत की मां कुशमावती देवी खेत से धान की निराई करके जब घर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देख आवाक रह गई।
दरवाजा खोलने के लिए चिल्लाती रही, मगर दरवाजा जब नहीं खुला तो उसने जंगले से देखा कि उसका बेटा फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को अंदर से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने साक्ष्य जुटाए।
मंदबुद्धि् था मृतक किशोर
मृतक की मां कुशमावती देवी ने बताया कि उसका लडका थोड़ा मंदबुद्धि था। राजीत के पिता रामरूप चौधरी व बड़ा पुत्र इन्द्रजीत आजीविका कमाने के लिए कानपुर गए थे। पुत्र की मौत की खबर सुनकर दोनों घर पहुंचे। पिता व मृतक के बड़े भाई का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं माता कुशमावती रो- रोकर बदहवास हो जा रही है। इस संबंध में एसओ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही के लिए भेजा गया है।