जिले भर में 1528 मरीजों की जांची गई सेहत, फरेंदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 95 मरीज पहुंचे
महराजगंज। क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान मौसमी बीमारियों के साथ त्वचा, पेट दर्द व खांसी व बुखार के मरीज इलाज कराने पहुंचे। आरोग्य मेले के दौरान पूरे जनपद में 1528 मरीजों की जांच कर दवा वितरित की गई। साथ ही उचित परामर्श दिया गया।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को 95 मरीज पहुंचे। इनमें त्वचा के साथ ही पेज दर्द व बुखार के मरीज शामिल रहे। मेले में चिकित्सकों ने मरीजों का जांच कर परामर्श के बाद दवा दी।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे में कुल 35 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिनका चिकित्सक सीबी पांडेय ने परामर्श के बाद उपचार किया। मरीज सुखना देवी (55) तेज बुखार से पीड़ित थीं। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह से बुखार की समस्या है। दवा खाने के बाद ठीक रहता है फिर बुखार हो जा रहा है। कैलाश (63) को शुगर की जांच की गई तो पता चला कि शुगर बढ़ा हुआ है। नियमित शुगर की दवा खाने की सलाह दी गई। मरीज कमलावती, लक्ष्मी, कविता को सर्दी खांसी जुखाम की दिक्कत रही उनका जांच कर दवा दिया गया। अभिषेक, कमलावती, बृजेश को चर्मरोग का दवा मिला।
डाॅ. सीबी पांडेय ने बताया कि इस समय उल्टी दस्त बुखार के मरीजों में वृद्धि हुई है, जिसका कारण अचानक से धूप और गर्मी का बढ़ना है। उन्होंने बताया कि बहुत जरूरत हो तो ही धूप में निकले, धूप में निकलने से पहले पानी, ओआरएस का घोल जरूर पिएं। इस दौरान फार्मासिस्ट दिनेश चौधरी, एएनएम किरण सिंह, लैब टेकनीशियन ऋषिकेश गुप्ता, वार्ड बॉय आलोक शुक्ला आदि रहे।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोक विद्यापीठ नगर में कुल 29 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिनको चिकित्सक मुकेश गुप्ता ने इलाज कर परामर्श दिया। उदितपुर की पूनम 38 को तेज बुखार की समस्या रही। उन्होंने बताया कि बुखार के कारण खाना खाने में दिक्कत हो रही है। 40 वर्षीय प्रेम सागर को उल्टी दस्त के साथ पेट दर्द हो रहा था। वहीं 76 वर्षीय अदालत को बुखार के साथ सर्दी व खांसी की दिक्कत रही। उनका जांच के बाद फार्मासिस्ट अरून चतुर्वेदी ने दवा दिया।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेजार महदेवा में कुल 31 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। जिनकों डॉक्टर दुर्विजय ने जांच के बाद दवा दिलाया। लेजार महदेवा के रामशंकर को उल्टी व दस्त की दिक्कत रही। राजेश 38 वर्ष को बुखार की समस्या रही। उन्होंने बताया कि दो तीन दिन से बुखार आ रहा है। दिन में नहीं रहता है रात को बुखार हो जा रहा है। सतीशचंद को खुजली व मीरा को पेट में जलन की दिक्कत को लेकर अस्पताल पहुंचे, जिनको दवा दिया गया।
सभी मरीजों को तेज धूप से बचाव के लिए अधिक पानी पीने की सलाह दी गई। अस्पताल पर योग शिक्षक ह्देश यादव गठिया, शुगर, ब्लड प्रेशर व थायराइड के मरीज को योग, प्राणयाम के माध्यम से बीमारी दूर करने की सलाह दी। इस दौरान फाॅर्मासिस्ट महेंद्र सिंह, प्रियंका व माया आदि रहे।
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेले में 32 मरीजों का किया गया इलाज
सिसवा बाजार। स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेले में 32 मरीजों ने चिकित्सा परामर्श के साथ इलाज किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. राजकुमार ने बताया कि आयोजित स्वास्थ्य मेले में 10 बजे के करीब क्षेत्र के रजवल मदरहा निवासी पेट के मरीज अरविंद व रामानंद चैनपुर निवासी ने आंख में इन्फेक्शन का इलाज कराया। 10.15 बजे बरवाकला निवासी सरोज के सिर में दर्द था। डॉक्टरों ने जांच के उन्हें परामर्श दिया। 11 बजे नौका टोला निवासी कपिल व अनुष्का ने मौसमी बुखार से पीड़ित थे। बीजापार निवासी विक्रम व मनीषा ने शरीर में खुजली का इलाज कराया उसके उपरांत कई अन्य मरीजों का इलाज कर दवा उपलब्ध कराई गई।
वर्जन
मुख्यमंत्री आरोग्य मेला के दौरान जिले भर में 1528 मरीजों की जांच की गई। इसमें सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीज रहे। सभी को जरूरी देकर परामर्श दिया गया।
-डॉ. केपी सिंह, डिप्टी सीएमओ