किसी को भूख न लगने की शिकायत तो कोई बुखार से पीड़ित
885 महिला, 1255 पुरुष और 204 बच्चों का किया गया इलाज
महराजगंज। जिले में 41 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले में 2304 मरीजों के सेहत की जांच की गई। इनमें 885 महिला, 1255 पुरुष और 204 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान बुखार, सर्दी-जुखाम, पेट दर्द, खुजली जैसी सामान्य मरीजों की संख्या अधिक रही।
सदर सीएचसी अधीक्षक डाॅ. केपी सिंह ने बताया कि नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा बागापार, कृतपिपरा, रम्हौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 152 मरीजों के सेहत की जांच हुई। इसमें बुखार, खुजली, पेट में परेशानी सहित अन्य मरीज इलाज के लिए आए थे। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर व स्टाफ मरीजों को जरूरी सेवा उपलब्ध कराए। इस दौरान किसी पीएचसी पर चिकित्सक की कुर्सी खाली रही तो कहीं परिसर में गंदगी का अंबार रहा। आरोग्य मेले में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आधे घंटे तक मरीजों ने किया इंतजार
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार, नगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार की सुबह मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में 11 बजे तक चिकित्सक डॉ. मंजुला शुक्ला द्वारा कुल 4 मरीजों अब्दुल हमीद, शबनम, पप्पू खान एवं अंतिका पांडेय का उपचार कर दवाएं दी गईं। 11 बजे के बाद एसआरएम की टीम जांच के लिए अस्पताल पर पहुंची तो वह टीम के साथ चली गईं। इस वजह से 11 से 11:30 बजे तक उनकी कुर्सी खाली रही और मरीज उनके इंतजार में बैठे रहे। करीब आधे घंटे बाद वह चेंबर में बैठी और मरीजों का इलाज किया। इस दौरान इंतजार कर रही निधि सक्सेना ने बताया कि वह अपनी बेटी गार्वी का इलाज कराने के लिए आई थीं। फार्मासिस्ट सुरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल पर एसआरएम की टीम जांच के लिए आई थी, जिसमें चिकित्साधिकारी डॉ. मंजुला शुक्ला व्यस्त थीं। कुछ देर बाद उन्होंने पुनः मरीजों का उपचार प्रारंभ कर दिया।
सिसवा पीएचसी में गंदगी का ढेर
सिसवा प्रतिनिधि के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 25 मरीजों का इलाज हुआ था। स्वास्थ्य सेवा बेहतर चल रही थी। लेकिन परिसर में जलभराव के अलावा गंदगी का ढेर रहा। पूर्वाह्न 11:30 बजे तक कुल 25 मरीजों का इलाज हुआ था। रीता ने बताया कि कमर दर्द और भूख न लगने की शिकायत है। रंजना को खुजली की परेशानी थी और अतुल सिंह को कुत्ते ने काट लिया था। अतुल को एआरवी का टीका लगाया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ ईश्वरचंद विद्या सागर ने बताया कि मरीजों की ब्लड जांच, ब्लड प्रेशर जांच के लिए अलग स्टॉल लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सभी सुविधाएं मौजूद हैं। परिसर में बरसात से पानी भर जाता है, जिससे खरपतवार उग आते हैं।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार
स्थानीय क्षेत्र के गड़ौरा पीएचसी में रविवार को आरोग्य मेले में 32 मरीज का उपचार हुआ। मेले में डॉ संदीप कसौधन, फार्मासिस्ट सत्यप्रकाश चतुर्वेदी, एलटी सतीश चंद, वार्ड बॉय अनिल कुमार चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान सर्दी-जुकाम, स्किन, पेट दर्द, वायरल आदि के मरीज पहुंचे थे।
चिउटहां प्रतिनिधि के अनुसार पीएचसी रुद्रापुर में मेले के दौरान 60 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण किया गया। डॉ. विद्यासागर ने बताया कि आरोग्य मेले में 60 मरीजों की जांच व 14 वर्ष के किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया है साथ ही गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। इस दौरान डॉ. रोहित कुमार वर्मा, लैब टेक्नीशियन संदीप कुमार आदि लोग मौजूद रहें।