1500 से अधिक स्कूलों में पंजीकृत हैं लगभग दो लाख विद्यार्थी
अप्रैल से शुरू हो चुका है स्कूलों का नया शिक्षासत्र
महराजगंज। परिषदीय स्कूलों की दिशा व दशा सुधारने के लिए प्रत्येक सत्र मिलने वाले कंपोजिट ग्रांट से इस बार प्रत्येक स्कूल में स्वास्थ्य पेटिका की अनिवार्य खरीद करनी है। इसके लिए शिक्षा महानिदेशक कार्यालय से आदेश जारी किए गए हैं। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।
जनपद में 1500 से अधिक परिषदीय स्कूलों का संचालन है जिनमें लगभग 2 लाख विद्यार्थियों का पंजीकरण है। बेसिक शिक्षा परिषद के सभी स्कूलों को प्रत्येक शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप कंपोजिट ग्रांट दो बार में उपलब्ध कराया जाता है। नए सत्र में अभी कंपोजिट ग्रांट का मिलना शेष है, लेकिन ग्रांट मिलने से पहले शिक्षा महानिदेशक का पत्र मिल गया है जिसमें मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य पेटिका व फायर सेफ्टी इंतजाम अनिवार्य रूप से करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिन स्कूलों में पहले से अग्निशमन यंत्र खरीदे गये हैं वहां अग्निशमन विभाग से रिफलिंग व जहां नहीं हैं वहां नया खरीद करने के निर्देश हैं। स्वास्थ्य पेटिका पर अधिकतम तीन हजार व फायर सेफ्टी के लिए दो हजार रुपये खर्च किए जा सकेंगे।
एमबीबीएस डाक्टर के परामर्श पर रखनी स्वास्थ्य पेटिका में दवा
कंपोजिट ग्रांट से स्वास्थ्य पेटिका खरीदने के निर्देश पहले से प्रभावी हैं लेकिन इस बार तल्ख मौसम व लू की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य पेटिका अनिवार्य रूप से खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें रखी जाने वाली दवा क्षेत्र के सीएचसी या पीएचसी चिकित्सक के परामर्श पर रखे जाएंगे। साथ ही स्कूल में बच्चों को दवा देने से पहले भी चिकित्सक परामर्श लिया जाएगा। स्वास्थ्य पेटिका में दवा के अतिरिक्त मेडिकल टेप, क्रेक बैंडेज, मरहम पट्टी, त्रिकोणीय बैंडेज, स्पिलिंट, टूर्निक्वेट, थर्मामीटर, कैची, दस्ताने, पेन रिलीवर टैबलेट, पेट दर्द एवं गैस की दवा, बरनाल, एंटीसेप्टिक क्रीम, हीटवेव से बचाव के लिए ग्लूकोज व इलेक्ट्राल पाउडर भी रखा जाना है।
वर्जन
कंपोजिट ग्रांट स्कूलों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए शासन स्तर से जारी किया जाता है। मौसम को देखते हुए व स्कूल में छोटी मोटी चोट इत्यादि के लिए बच्चों को अस्पताल जाने की जरूरत न पड़े इसके लिए स्वास्थ्य पेटिका अनिवार्य रूप से खरीदने को कहा गया है।
-सुरजीत कुमार सिंह, बीएसए, महराजगंज।