महराजगंज। ईदगाह सहित मस्जिदों में सोमवार को अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई। शहर में बस स्टेशन के पास मस्जिद में ईद की नमाज अदा कराई गई। यहां खुदा के सजदे में एक साथ हजारों लोगों ने सिर झुकाए और देश की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
इसके बाद एक-दूसरे से गले मिले और ईद की बधाई दी। दूसरी ओर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। शहर में बस स्टेशन के पीछे मस्जिद में निर्धारित समय पर ईद की नमाज पढ़ी गई। वहीं सिंदुरिया, मिठौरा, जगदौर, हरखोड़ा, सेमरा, परसाचक गोबरही, पतरेंगवा, लेदवा, नरायनपुर, मोहनापुर, कुइयां कंचनपुर सहित सिंदुरिया थाना क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया।
ईद की नमाज 8:30 और 9:00 बजे तक सभी जगहों पर पढ़ी गई। सुबह छह बजे से ईदगाहों पर नमाजियों की भारी भीड़ लगी थी। सुबह से लेकर शाम तक मुस्लिम समुदाय के लोगों के घर ईद के अवसर पर चहल-पहल थी। इसी क्रम में चौक बाजार स्थित ईदगाह में ईद की नमाज सुबह आठ बजे अदा की गई। ईदगाह मे धूप से बचने के लिए टेंट की व्यवस्था की गई थी।
पनियरा प्रतिनिधि के अनुसार, नगर पंचायत पनियरा में ईदगाह व जामा मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई। ग्राम पंचायत गेहुअना और सोहांस ईदगाह में, सोनबरसा व गिरगीटियां के लोग सोनबरसा ईदगाह में, जंगल बड़हरा व गिरगीटियां के लोगों ने हड़तोडवां ईदगाह में नमाज अदा की।
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बे के परसोहिया मुहल्ले में स्थित अशरफी जामा मस्जिद के ईदगाह पर लोगों ने सुबह 8:30 बजे ईद उल फितर की नमाज अदा की। ईद की नमाज पढ़ा रहे मौलाना असलम ने देश की एकता और आपसी भाईचारे को बरकरार रखने की अपील करते हुए कहा कि हाथ और गले मिलने के बजाए दिल को मिलाएं।
भिटौली प्रतिनिधि के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे भिटौली में ईद-उल-फितर के अवसर पर, भिटौली नूरी मस्जिद में शांति और सौहार्द के साथ आज ईद की नमाज अदा की गई।