कन्वर्जन कास्ट का धन गबन करने के आरोप में प्रधानाध्यापक निलंबित
बरगदवा (महराजगंज) । नौतनवां विकास खंड के ग्राम पंचायत देवघट्टी में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के कन्वर्जन कास्ट के रुपये का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया था। ग्राम प्रधान अजय कुमार रौनियार ने इसकी शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर करने के साथ ही उच्चाधिकारियों से की।
कोरोना काल के दौरान मध्याह्न भोजन में मिलने वाले कन्वर्जन कास्ट का मामला है। इस रकम को बच्चों के अभिभावकों के खाते में भेजना था। लेकिन, उनके खाते में नहीं भेजा गया। ग्राम प्रधान ने बैंक स्टेटमेंट के साथ लिखित आरोप लगाया की देवघट्टी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कोरोना काल के दौरान अप्रैल में एमडीएम कन्वर्जन कास्ट की धनराशि को खाते से 8 चेक के माध्यम से कुल 2 लाख 13 हजार रुपये निकाल लिया। इसे बाद विभाग की ओर से मामले की जांच कराई गई।
बीएसए ओम प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच कराने के बाद आरोपित प्रधानाध्यापक हरिराम प्रसाद को निलंबित करते हुए नरायनपुर प्राथमिक विद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।