महराजगंज। पूरी जुलाई परिषदीय स्कूलों को विलय से बचाने की कवायद में जुटे रहे गुरूजी अब 18 अगस्त से सत्र परीक्षा कराएंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी की तरफ से आदेश जारी करते हुए जुलाई तक के निर्धारित पाठ्यक्रम को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा आयोजन का खर्च कंपोजिट ग्रांट से खर्च करने का विकल्प दिया गया है।
जिले के लगभग 1500 परिषदीय स्कूलों के लगभग दो लाख से अधिक विद्यार्थियों की प्रथम सत्र की परीक्षाएं 18 अगस्त से तय हैं जिसके लिए अब सीमित समय शेष हैं। परीक्षा तय समय पर कराने के लिए तैयारियां विभाग की तरफ से तेज की गई हैं। तय समय पर परीक्षा कराने के बाद विद्यालय स्तर पर मूल्यांकन होगा जिसकी जानकारी अभिभावकों को बुलाकर दी जाएगी। स्कूलों में निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर कक्षावार जुलाई तक पूरे कराए गए पाठ्यक्रम से संबंधित सवालों के आधार पर होना है। वहीं स्कूल में पढ़ाई की स्थिति को देखें तो ग्रीष्मकालीन अवकाश बीतने के बाद शिक्षक स्थानांतरण व स्कूल मर्ज (विलय) बचाने में शिक्षक फंसे रहे। ऐसे में जुलाई तक तय पाठ्यक्रम तमाम स्कूलों में पूरा नहीं हो सका। इसे देखते हुए विभाग की तरफ से परीक्षा अनुस्मारक जारी कर पाठ्यक्रम पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।