भिटौली थाना क्षेत्र के पचरुखिया में ईट भट्टा पर जीएसटी टिम की छापेमारी हुई ।
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पचरुखिया तिवारी गांव में शनिवार को राज्य कर विभाग की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन विंग (एसआईवी) ने एक ईंट भट्ठे पर छापा मारकर लाखों रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। इस कार्रवाई ने क्षेत्र के ईंट भट्ठा संचालकों में हड़कंप मचा दिया है।
विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पचरुखिया तिवारी में संचालित एक ईंट भट्ठे पर बड़े पैमाने पर उत्पादन और बिक्री हो रही है, लेकिन जीएसटी और रॉयल्टी का भुगतान नहीं किया जा रहा। इस सूचना के आधार पर गोरखपुर से एसआईवी की एक टीम, असिस्टेंट कमिश्नर संतोष कुमार के नेतृत्व में शनिवार की सुबह भट्ठे पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम में कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अधिकारियों ने पाया कि भट्ठे का जीएसटी रजिस्ट्रेशन दो वर्षों से निष्क्रिय है, फिर भी वहां लगातार ईंटों का उत्पादन और बिक्री हो रही है। कागजातों की जांच में पता चला कि इस अवधि में लाखों ईंटों का निर्माण हुआ, लेकिन न तो सरकार को रॉयल्टी दी गई और न ही जीएसटी जमा की गई।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करोड़ों रुपये के लेनदेन में लाखों की टैक्स चोरी हुई है। छापेमारी की भनक लगते ही भट्ठा मालिक फरार हो गया। हालांकि, मैनेजर की मौजूदगी में जांच जारी रही।