महराजगंज। बर्तन कारोबारी के प्रतिष्ठान पर तीसरे दिन भी जांच जारी है। मुख्य प्रतिष्ठान सहित अघोषित गोदामों में बर्तनों का भंडारण इतना ज्यादा है कि तीन दिन बाद भी उसका मूल्यांकन नहीं किया जा सका है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, बर्तन कारोबारी के पास अभी अन्य अघोषित गोदाम भी हैं, जहां जीएसटी टीम नहीं पहुंच पाई है।
दुकान व मकान के अलावा आधा दर्जन से अधिक गोदाम हैं, जहां बड़ी मात्रा में बर्तन का भंडारण किया गया है। अधिकतर गोदाम दुकान के सामने व अगल-बगल है। लोगों में चर्चा है कि धनतेरस के दिन बर्तन की बिक्री अत्यधिक मात्रा में होती है। इसके लिए ही कारोबारी ने सारे गोदामों को भर रखा था, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसके प्रतिष्ठान पर अचानक जीएसटी विभाग की छापामारी हो जाएगी। ऐन वक्त पर हुई जीएसटी टीम की जांच से बर्तन कारोबारी समेत अन्य व्यापारी भी परेशान हैं। टीम ने बर्तन कारोबारी से छह लाख रुपये टैक्स जमा कराए हैं। मूल्यांकन के आधार पर और भी टैक्स जमा कराया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर जीएसटी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि प्रतिष्ठान व अघोषित गोदाम में किए गए भंडारण का मूल्यांकन अभी पूरा नहीं हुआ है। मूल्यांकन का कार्य अभी जारी है। बर्तन कारोबारी ने और टैक्स जमा किया है या नहीं इसकी जानकारी अभी नहीं है।