महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के बर्तन कारोबारी के प्रतिष्ठान व अघोषित गोदामों में किए गए भंडारण का मूल्यांकन पूरा हो गया है। विभाग ने एस्टीमेट भी तैयार कर लिया है।
दिवाली पर्व की छुट्टी समाप्त होने के बाद विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। विभाग बर्तन कारोबारी से टैक्स तो जमा कराएगा ही इसके अलावा ब्याज व जुर्माना भी वसूला जाएगा।
नगर पंचायत परतावल के कप्तानगंज मार्ग पर स्थित दिलीप बर्तन स्टोर पर बीते शनिवार को दोपहर जीएसटी विभाग ने छापामारी की थी। टीम ने देर रात तक दुकान की पत्रावली की जांच की। इस दौरान दुकानदार कोई भी बिल बुक, स्टाॅक रजिस्टर या अन्य अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने दुकान के अलावा दो गोदामों की भी जांच की। जरूरी अभिलेख न मिलने पर मुख्य प्रतिष्ठान समेत दोनों अघोषित गोदामों को सीज कर दिया था।
डिप्टी कमिश्नर जीएसटी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सीज किए गए मुख्य प्रतिष्ठान समेत दोनों अघोषित गोदामों में किए गए भंडारण का मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया है, एस्टीमेट भी बना लिया गया है। दिवाली की छुट्टी के बाद दुकानदार से और भी टैक्स जमा कराया जाएगा। इसके अलावा उससे ब्याज व जुर्माना भी वसूला जाएगा। टैक्स चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।