जीआरपी के प्रत्येक जवान के लिए 2 घंटे रनिंग ड्यूटी अनिवार्य
जीआरपी थाना के पुलिसकर्मियों को ऑनलाइन कैप्सूल कोर्स के बाद दिया गया प्रशिक्षण
महराजगंज। रेलवे ने ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए जीआरपी का दायित्व बढ़ा दिया है। अब ट्रेन में जीआरपी थाना के पुलिसकर्मी खुद पहुंचेंगे और यात्रियों की समस्या जानने के बाद उसका निवारण करेंगे। यही नहीं जरूरी होने पर प्राथमिकी भी दर्ज करेंगे। इसके लिए राजकीय रेलवे पुलिस को ऑनलाइन कैप्सूल कोर्स का ऑनलाइन प्रशिक्षण देकर टोल फ्री नंबर (9919099190) जारी किया है।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थानाध्यक्ष आनंद नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ट्रेन पर पत्थरबाजी जैसी घटना को रोकने व यात्रियों तक त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। टोल फ्री नंबर पर फोन करने के बाद यात्री को समस्या और जिस ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं उसका नाम व सीट नंबर बताना होगा।
इसके बाद कंट्रोल रूम जीपीएस ट्रैकिंग से पता करेगा कि रनिंग ड्यूटी में कौन सी जीआरपी टीम है। रनिंग ड्यूटी में लगे थाने को संबंधित सूचना अपडेट होगी। रनिंग स्टॉफ को थाने से सूचना भेजकर संबंधित यात्री तक पहुंचने के लिए निर्देशित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जवान को दो घंटे लोकेशन आधारित रनिंग ड्यूटी अनिवार्य रूप से करनी होगी।
वर्जन
ट्रेन में चलने वाले यात्री खुद को सुरक्षित समझें इसके लिए जीपीएस आधारित रनिंग प्रावधान व सहायता के लिए टोल फ्री नंबर जारी करते हुए जवानों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य त्वरित सहायता उपलब्ध कराना व अपराधियों पर नियंत्रण स्थापित करना है।
- पंकज यादव, थानाध्यक्ष, जीआरपी आनंद नगर रेलवे