महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को पुलिस आरक्षी भर्ती प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा हुई। केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र पुलिस प्रभारियों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवेश परीक्षाओं को लेकर सरकार बेहद संवेदनशील है। इसलिए सभी अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी स्तर पर कोई शिथिलता न होने पाए। यदि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर चूक मिलती है तो सभी संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
इस बार परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट के प्राप्ति से लेकर उनको केंद्रों पर पहुंचाने तक, प्रत्येक गतिविधि की सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की स्थापना शुरू करने के निर्देश दिए। कहा कि 21 अगस्त तक सीसीटीवी कैमरे लगवा लें। साथ ही केंद्रों पर क्लॉक रूम के निर्माण का काम भी 22 अगस्त तक हर हाल में पूरा कर लें।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कहा कि शासन और भर्ती बोर्ड प्रवेश परीक्षा की शुचिता को लेकर अत्यधिक संवेदनशील है। इसलिए किसी भी स्तर पर गलती की गुंजाइश नहीं है।
दो एंबुलेंस भी परीक्षा के दौरान क्रियाशील रखें
जिलाधिकारी कहा कि प्रत्येक केंद्र पर आवश्यक दवाओं के साथ एक मेडिकल टीम को तैनात करें। साथ ही दो एंबुलेंस भी परीक्षा के दौरान क्रियाशील रखें, ताकि मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में परीक्षार्थियों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
आरक्षी भर्ती के लिए जनपद में कुल छह केंद्र
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने सभी प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के समयसारिणी से लेकर भर्ती बोर्ड के निर्देशों से बिंदुवार अवगत कराया। आरक्षी भर्ती के लिए जनपद में कुल छह केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर एक पाली में कुल 3144 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को दो पालियों में संपन्न होगी। इस प्रकार कुल 31440 जनपद में परीक्षा देंगे।