परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बड़हरा बरईपार निवासी युवक से विदेश में मित्र बनकर एक युवक ने गिट्टी बालू गिराने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी कर ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पिपरा बाबू थाना कोतवाली निवासी रामप्रताप, उसकी बहन बसंती व बहनोई के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बड़हरा बरईपार टोला गुलरिहा निवासी पीड़ित आसमा देवी ने बताया कि तीन वर्ष पहले जून 2022 में बेटा राजकुमार रोजी रोजगार के लिए विदेश गया था। वहीं पर उसकी मुलाकात रामप्रताप यादव निवासी पिपरा बाबू थाना कोतवाली महराजगंज से हुई। एक जिले के होने के कारण दोनों में दोस्ती हो गई। एक दिन मेरा बेटा मोबाइल फोन से मुझसे बात कर रहा था। उसने कहा कि मैं पैसा भेज रहा हूं। आप गिट्टी, बालू गिरवा दीजिए। जब घर आऊंगा तो घर बनवाया जाएगा।
इस बात को रामप्रताप ने सुन लिया। उसने राजकुमार से कहा कि आप गिट्टी-बालू के लिए परेशान मत रहिये, हमारे बहनोई बड़ी गाड़ी चलाते हैं जो गिट्टी-बालू गिराने का काम करते हैं। आप पैसा हमारे बहनोई के पास भेज दीजिए वह गिट्टी-बालू आप के घर गिरा देंगे। राम प्रताप यादव की बातों पर विश्वास करके उसके बताए गए खाते में राजकुमार ने 35 हजार रुपये भेज दिया।
इसके अलावा 65 हजार रुपये रामप्रताप यादव अपने बहनोई को भेजकर घर से मंगवा लिया। तीन साल बीतने के बाद भी गिट्टी-बालू नहीं गिराए। फरवरी माह में रामप्रताप यादव और मेरा बेटा राजकुमार रियाद से घर वापस आ गए। कुछ दिन बाद राजकुमार ने रामप्रताप यादव से गिट्टी-बालू गिराने के लिए कहा तो उसने कहा कि पांच हजार रुपये और तेल का दाम भेज दिजिए तो आप का गिट्टी बालू आ जाएगा।
बेटे ने पांच हजार रुपये उसको भेज दिया। इसके बाद भी रामप्रताप और उसके बहनोई ने गिट्टी-बालू नहीं गिराया। अब जब बालू-गिट्टी गिराने की बात कह रहे हैं तो रामप्रताप जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दे रहा है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी रामप्रताप, उसकी बहन बसंती व बहनोई के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।