अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सेल (यूएफएमसी) मॉडल को प्रदेशभर में लागू करने की तैयारी
गोरखपुर। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम गोरखपुर की ओर से स्थापित अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सेल (यूएफएमसी) अब पूरे प्रदेश के लिए मॉडल बनेगा। इसी क्रम में 11 और 12 सितंबर को नगर निगम गोरखपुर में सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के सभी नगर आयुक्त और तीन नगर पालिकाओं (बांदा, गौतमबुद्धनगर, गोंडा) के अधिशासी अधिकारी हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन में प्रतिभागी अधिकारी यूएफएमसी की रणनीति ''''पूर्वानुमान करें, तैयार रहें और सुरक्षा सुनिश्चित करें'''' सीखेंगे और फिर अपने-अपने नगर निगमों में लागू करेंगे। नगर निगम गोरखपुर ने शहरी बाढ़ आपदा प्रबंधन योजना, सुरक्षा एवं राहत बचाव तैयारियों और विभागीय समन्वय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसी क्रम में यूएफएमसी का गठन किया गया था। हाल ही में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ले. जनरल योगेंद्र डिमरी ने गोरखपुर यूएफएमसी का निरीक्षण कर इसे पूरे प्रदेश में लागू करने की आवश्यकता जताई थी।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि शहरी बाढ़ जोखिम कार्यक्रम के अंतर्गत अर्बन फ्लड अर्ली वार्निंग सिस्टम और डिसीजन सपोर्ट सिस्टम को लागू किया जा रहा है। यूएफएमसी न केवल वर्तमान आपदाओं से निपटने में सक्षम बनाएगा बल्कि भविष्य में संभावित जन-धन हानि को भी कम करेगा।