यूपीएसएसएससी की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा संपन्न, पंजीकृत 46,512 में से 37,662 अभ्यर्थी रहे उपस्थित
गोरखपुर। यूपीएसएसएससी की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा दूसरे और अंतिम दिन संपन्न हो गई। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से संपन्न हो गई। किसी भी केंद्र से शिकायत की खबर नहीं है। दूसरे दिन भी 49 केंद्रों पर पंजीकृत 46,512 में से 37,662 अभ्यर्थी रहे, जबकि 8,850 अनुपस्थित रहे। परीक्षा से ठीक पहले शुरू हुई बारिश के कारण कई केंद्रों पर अभ्यर्थी भीगते हुए पहुंचे।
परीक्षा के दूसरे दिन भी ग्राफ आधारित सवालों और रीजनिंग में अभ्यर्थी उलझे रहे। हालांकि अन्य सवालों ने उन्हें राहत पहुंचाई। करंट अफेयर्स, हिंदी, सामान्य ज्ञान के सवाल अभ्यर्थियों को तुलनात्मक रूप से आसान लगे। अभ्यर्थियों की बातों का निष्कर्ष यह था कि जिन्होंने मेहनत की है, उनके परिणाम अच्छे आएंगे। अभ्यर्थियों ने बताया कि परिणामों में इस बार मेरिट हाई जा सकती है।
अच्छे पेपर ने भूला दिया सफर का दर्द
इस परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे पर निश्चिंतता के भाव साफ दिख रहे थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ है। अब उन्हें परिणामों का इंतजार रहेगा। दूसरे दिन की परीक्षा के लिए शनिवार से ही अभ्यर्थी गोरखपुर पहुंचने लगे थे। रातभर सड़कों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही लगी रही। अच्छे पेपर ने उनके लंबे सफर का दर्द भूला दिया।
लगभग 80.97 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे उपस्थित
दूसरे दिन पहली पाली में पंजीकृत 23256 अभ्यर्थियों में से 18835 उपस्थित व 4421 अनुपस्थित रहे। यानी पहली पाली में 80.98 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 19.02 प्रतिशत ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में पंजीकृत 23256 में से 18,827 उपस्थित व 4429 अनुपस्थित रहे। यानी पहली पाली में 80.95 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 19.05 प्रतिशत ने परीक्षा छोड़ दी। यानी दूसरे दिन कुल 80.97 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित व 19.03 प्रतिशत अनुपस्थित रहे।
दो दिनों में 80.68 प्रतिशत रहे उपस्थित
दो दिनों तक चार पालियों में चली इस परीक्षा में पहले दिन जहां दोनों पालियों में मिलाकर कुल 37,397 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। दूसरे दिन 37,662 ने परीक्षा दी। इस तरह इस परीक्षा में कुल पंजीकृत 93024 अभ्यर्थियों में से 75,059 ने परीक्षा दी, जबकि 17965 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल उपस्थिति 80.68 प्रतिशत रही।
परीक्षार्थियों से बातचीत
कोट
इस बार परीक्षा का स्वरूप आसान से मध्यम स्तर का रहा। परीक्षा में सामान्य अध्ययन व गणित के कुछ सवाल उलझाने वाले थे। अच्छे परिणाम की उम्मीद है।
- अखंड दीप यादव, परीक्षार्थी
-
कोट
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों के लिए पेपर आसन रहा। हिंदी के प्रश्न तो काफी सरल थे लेकिन गणित में थोड़ा समय लग गया। परीक्षा अच्छी हुई है।
- साक्षी, परीक्षार्थी
-
कोट
सामान्य ज्ञान व गणित के प्रश्नों को हल करने में सर्वाधिक समय लगा। हालांकि समय से सभी सवाल हल कर लिए। कुल मिलाकर पेपर ठीक हुआ है।
- शुभम, परीक्षार्थी
कोट
परीक्षा की तैयारी अच्छी तरह से की थी। अन्य विषयों में ज्यादा परेशानी नहीं हुई लेकिन गणित के सवालों को हल करने में काफी समय लग गया।
- सौम्या उपाध्याय, परीक्षार्थी