बेलीपार थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस जांच में खुला मामला
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा निवासी एक बुजुर्ग व्यापारी की ओर से ढाई लाख रुपये की लूट की सूचना पुलिस जांच में फर्जी निकली। व्यापारी ने कर्ज से परेशान होकर यह कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने मामले की सच्चाई सामने आने पर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
बुधवार सुबह चीनी व्यापारी रामलाल चौरसिया ने पुलिस को सूचना दी थी कि मंगलवार रात करीब एक बजे चार नकाबपोश बदमाश चैनल गेट खुलवाकर घर में घुसे और ढाई लाख रुपये लूट ले गए। व्यापारी के अनुसार, बदमाशों ने उसे कमरे में बंद कर घर खंगाल डाला। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह और थानाध्यक्ष बेलीपार विशाल कुमार सिंह ने जब व्यापारी से कड़ाई से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। व्यापारी ने स्वीकार किया कि वह भारी कर्ज में डूबा है और मानसिक रूप से परेशान है। कर्जदारों से बचने और लोगों की सहानुभूति पाने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि व्यापारी ने अपनी गलती स्वीकारते हुए भविष्य में ऐसा दोबारा न करने का वादा किया है। पुलिस ने उसे सख्त हिदायत देते हुए छोड़ दिया।