भिटौली। सदर तहसील के एक निजी स्कूल भैंसी में एक दिवसीय मंडल स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया। गोरखपुर ने श्यामदेउरवां को हराकर कबड्डी प्रतियोगिता जीत ली।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक नरेंद्र वर्मा ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले में गोरखपुर, श्यामदेउरवां, जंगल कौड़िया एवं नवजीवन ज्योत की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं।
पहला सेमीफाइनल मैच गोरखपुर बनाम जंगल कौड़िया के बीच खेला गया। गोरखपुर ने 17 अंक तथा जंगल कौड़िया ने 13 अंक बनाए जिसमें गोरखपुर ने चार अंकों से जंगल कौड़िया को हराया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच श्यामदेउरवा बनाम नव जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। श्यामदेउरवा ने 17 अंक और नव जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल ने 12 अंक बनाया जिसमें श्यामदेउरवा की टीम ने पांच अंकों से नव जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल को हराया। फाइनल मैच गोरखपुर बनाम श्यामदेउरवा के बीच खेला गया। गोरखपुर ने 19 अंक और श्यामदेउरवा ने 10 अंक बनाया, जिसमें गोरखपुर ने श्यामदेउरवा को 9 अंकों से पराजित कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। निर्णायक में विवेक वर्मा, ऐनुद्दीन सिद्दीकी, नजरुद्दीन सिद्दीकी तथा रिकी, इंद्रेश, आतिश और रंजीत निषाद मौजूद रहे।