गुडवर्क की परंपरा पुलिस विभाग में आज भी कायम
महराजगंज। नए साल का आगाज बेहतर हो तो साल भर ठीक रहेगा। ऐसे टोटकों पर आज भी पुलिस महकमा भरोसा करता है। तभी विज्ञान के इस दौर में क्राइम नंबर एक पर गुडवर्क का टोटका आजमाया जाता है। जिले के 17 थानों की जीडी में नए साल के पहले दिन गुडवर्क दर्शा कर बेहतर ढंग से साल की शुरुआत होती है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को आज भी पुलिस विभाग निभा रहा है। नए साल के पहले दिन जो एफआईआर दर्ज होती है, उसमें बड़े अपराध को दर्ज करने से परहेज किया जाता है।
नए साल पर पहला मुकदमा कोतवाली में आबकारी एक्ट का दर्ज किया गया। वहीं घुघली, श्यामदेउरवां, पुरंदरपुर, बृजमगनंज, नौतनवां, परसामलिक, निचलौल, कोठीभार, ठूठीबारी थाने में भी आबकारी एक्ट का ही मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि बरगदवां थाने में छेड़खानी का केस दर्ज हुआ। इसके अलावा सोनौली कोतवाली में गैंगेस्टर एक्ट का केस दर्ज हुआ। इस तरह पहला मुकदमा दर्ज करने को लेकर पुलिस ने विशेष ध्यान रखा।
अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ल ने बताया कि पुलिस हर रोज बेहतर कार्य करेगी। ऐसा नए साल पर संकल्प लिया गया है। अपराध नियंत्रण को लेकर जनपद पुलिस सतर्क है। जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
पांच थानों की जीडी रही नील
नए साल के पहले दिन पांच थानों की जीडी नील रही। पनियरा, फरेंदा, कोल्हुई, चौक बाजार, सोहगीबरवां थाने में नए साल के पहले दिन कोई केस दर्ज नहीं हुआ। इन सभी थानों में भी गुडवर्क के टोटके पर अमल किया गया। शायद यही वजह रहा कि पहले दिन की जीडी नील हो गई।