जागरूकता के अभाव में लाभार्थियों को नहीं मिल रहा लाभ
- आयुष्मान भारत योजना की जानकारी दे रहा स्वास्थ्य विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड पर पांच लाख तक का इलाज हर साल मिलता है, लेकिन जागरूकता के अभाव में लाभार्थी इसे समझ नहीं पा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इसके लिए उन्हें जागरूक करने के प्रयास में है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर परिसर में पोस्टर चस्पा किया गया है, जिस पर यह लिखा है कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को हर साल पांच लाख तक इलाज की सुविधा मिलेगी। सरकारी एवं चयनित प्राइवेट अस्पतालों में निशुल्क इलाज की सुविधा है। योजना के तहत मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी गई है। योजना के तहत लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभ देने के उद्देश्य से उनको जागरूक किया जा रहा है। जिले में लाभार्थी परिवार की संख्या 2.42 लाख है। जिले में कुल लाभार्थी 10.02 लाख हैं। 2.14 लाख गोल्डन आयुष्मान कार्ड बन चुका है। योजना के तहत 9,556 लोगों का इलाज हो चुका है।
हरखा गांव के रहने वाले महेंद्र कुमार ने बताया कि यह नहीं मालूम था कि हर साल पांच लाख तक इलाज की सुविधा मिलेगी। इस वजह से बहुत जरूरत पड़ने पर ही योजना के तहत इलाज की सुविधा ली। अब जानकारी हो गई तो आने वाले दिनो में इलाज कराने में संकोच नहीं करना पडे़गा। भरवलिया के वीरेंद्र ने बताया कि किसी ने इसके बारे में जानकारी नहीं थी, अब पता चला है तो आने वाले दिनों में समस्या नहीं होगी।
------------------
सदर सीएचसी में आने वाले लोगों को प्रत्येक दिन योजना के बारे में जानकारी दी जाती है। पोस्टर लगाया गया है, बहुत से आने के बाद स्वयं ही पूछते हैं, तो उनको योजना से मिलने वाले लाभ के बारे में बताया जाता है। हर साल पांच लाख तक इलाज कराने की सुविधा है।
- डॉ. केपी सिंह, अधीक्षक, सदर सीएचसी
-------------
आयुष्मान योजना गरीबों के वरदान साबित हो रही है। चयनित सरकारी एवं निजी अस्पतालों में इलाज की बेहतर सुविधा है। अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए विभाग हर संभव कोशिश करने में जुटा है।
- डॉ. आईए अंसारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी