सोनौली। काठमांडो स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान 635.96 ग्राम सोने के साथ एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सोने को प्लास्टिक में लपेटकर अपने अंडरवियर में छिपाकर हांगकांग से काठमांडो पहुंचा था। संदेह होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें सोना बरामद हुआ।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चीनी नागरिक की पहचान झांग गौजिंग के रूप में हुई है। वह हांगकांग से कैथे पैसिफिक की फ्लाइट से काठमांडो पहुंचा था। एयरपोर्ट सिक्योरिटी ऑफिस के डीएसपी धुंडीराज न्यूपाने के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे विमान से उतरने के बाद उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई। इस दौरान जांच करने पर उसके अंडरवियर में प्लास्टिक में लपेटकर रखा गया सोना मिला। सोना अर्धठोस अवस्था में था। मामले की जांच की जा रही है।