महराजगंज। धनतेरस पर शुक्रवार को जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सराफा, बर्तन और वाहन बाजार में सबसे अधिक खरीदारी हुई। इन तीनों क्षेत्रों का कारोबार 70 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, मूर्ति, सजावटी वस्तुओं, खील-बताशे और मिट्टी के दीयों की बिक्री ने भी बाजार की रौनक बढ़ाई। शोरूम से लेकर फुटपाथ तक सजी दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों की भीड़ जुटी रही। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक जिले में धनतेरस का कुल कारोबार 100 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
धनतेरस पर खरीदारी को शुभ मानने की परंपरा के चलते सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई थी। शाम तीन बजे के बाद खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, जो देर शाम तक बनी रही। महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही। किसी ने आभूषण खरीदे तो किसी ने बर्तन, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घर की सजावट के लिए जरूरी वस्तुएं पसंद कीं। मान्यता के अनुसार लोगों ने झाड़ू और पूजा सामग्री की भी खरीदारी की।
बाजार में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए सुबह से ही डायवर्जन लागू कर दिया गया था। भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रही। इसके बावजूद शाम चार बजे के बाद ई-रिक्शा, बाइक और पैदल खरीदारों की संख्या बढ़ने से निचलौल और गोरखपुर मार्ग पर रुक-रुककर जाम लगता रहा।
वाहनों की बिक्री और बुकिंग में तेजी
धनतेरस पर वाहन बाजार में भी अच्छी खरीदारी हुई। महंगाई के बावजूद ग्राहकों के उत्साह में कमी नहीं दिखी। कई वाहन एजेंसियों ने धनतेरस पर डिलीवरी लेने वाले ग्राहकों से दो-तीन दिन पहले ही भुगतान करा लिया था। शुक्रवार को पहले से बुक वाहनों की डिलीवरी के साथ नई बुकिंग भी हुई। बाइक डीलर परमजीत सिंह ने बताया कि दो दिनों में करीब 50 वाहनों की बिक्री हुई। इनमें 150 सीसी की पल्सर की मांग अधिक रही। वहीं बाइक कारोबारी वरुण त्रिपाठी और राकेश गुप्ता के अनुसार दो दिनों में करीब 210 से अधिक बाइक की बिक्री हुई। इसके अलावा बड़ी संख्या में बुकिंग भी हुई है, जिनकी डिलीवरी आने वाले दिनों में की जाएगी। बाइक के साथ ई-रिक्शा, ट्रैक्टर और कार की भी बिक्री व बुकिंग हुई। वाहन बाजार में करीब 15 करोड़ की बिक्री का अनुमान है।
सोने-चांदी की चमक के आगे फीकी पड़ी महंगाई
धनतेरस पर सराफा बाजार में देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। सोने-चांदी के भाव में तेजी के बावजूद लोगों ने जमकर खरीदारी की। सोने और चांदी के सिक्कों के अलावा लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्तियां, चांदी के बर्तन, अंगूठी, चेन, झुमके और कंगन की मांग रही। कारोबारियों के मुताबिक इस बार लोगों ने आभूषणों के साथ निवेश के उद्देश्य से भी सोने-चांदी की खरीदारी की। पुराने ग्राहकों को पहले से की गई बुकिंग के आधार पर सामान उपलब्ध कराया गया। सराफा बाजार में करीब 30 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
25 करोड़ रुपये से अधिक का बर्तन कारोबार
बर्तन बाजार में भी खरीदारों की खूब भीड़ उमड़ी। स्टील और एल्यूमीनियम के बर्तनों के साथ नॉनस्टिक बर्तनों की मांग रही। सिल्वर और गोल्डन टच वाले स्टील के बर्तनों की बिक्री इतनी अधिक हुई कि कई दुकानों पर शाम तक स्टॉक कम पड़ गया। कारोबारी पवन ने बताया कि स्टील, एल्यूमीनियम और नॉनस्टिक के अलावा फूल और तांबे के बर्तनों की भी अच्छी बिक्री हुई। पूजा की थाली, डलिया, अखंड ज्योति के दीप, कपूर और धूप जलाने के स्टैंड तथा तांबे के जग ग्राहकों ने खूब खरीदे। कटोरी, चम्मच और गिलास की मांग सबसे अधिक रही। सिल्वर टच डिनर सेट खत्म होने पर ग्राहकों के ऑर्डर बुक करने पड़े। जिले में बर्तन बाजार का कारोबार 25 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में 20 करोड़ से अधिक की बिक्री
धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। वाशिंग मशीन, फ्रिज, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन और टैबलेट की अच्छी बिक्री हुई। इसके अलावा मिक्सर, इंडक्शन, ओवन और अन्य घरेलू उपकरणों की भी मांग रही। इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी सुमित ने बताया कि दुकानदारों ने ग्राहकों को 10 से 30 प्रतिशत तक की छूट दी। ईएमआई और एक्सचेंज ऑफर का भी लोगों ने लाभ उठाया। उनके अनुसार जिले में इलेक्ट्रॉनिक सामान का कारोबार 20 करोड़ रुपये से अधिक रहा।
ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों की मांग
मौसम में ठंडक बढ़ने का असर कपड़ा बाजार पर भी दिखा। रेडीमेड कपड़ों के साथ ऊनी कपड़ों की मांग रही। साड़ियों में कांजीवरम सिल्क और बंधेज शिफॉन ग्राहकों की पसंद बनीं, जबकि युवतियों ने प्रिंटेड वूलन सूट खरीदे। बच्चों के कपड़े, कुर्ता-पायजामा, जींस और टॉप की भी बिक्री हुई। कारोबारियों के मुताबिक ठंड को देखते हुए ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ी है। कपड़ा बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है।
दीये, झाड़ू और सजावटी सामान की भी खूब बिक्री
धनतेरस पर पूजा सामग्री और सजावटी सामान की दुकानों पर भी रौनक रही। मिट्टी के दीये, खील-बताशे, झाड़ू, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, फूल-माला, धूप, कपूर और रोली की खूब बिक्री हुई। फूल झाड़ू 50 से 150 रुपये और बेंत की झाड़ू 45 से 75 रुपये प्रति नग बिकी। घरों को सजाने के लिए लोगों ने रंग-बिरंगी झालर, लाइट और रंगोली का सामान खरीदा। झालरों और सजावटी लाइटों की कीमत 70 से 150 रुपये तक रही। मिट्टी के दीये बेचने वाले कुम्हारों को भी अच्छी बिक्री से राहत मिली।
फुटपाथ के दुकानदारों की भी हुई अच्छी कमाई
धनतेरस पर बड़े शोरूम और प्रतिष्ठित दुकानों के साथ फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों के यहां भी ग्राहकों की भीड़ रही। झाड़ू, दीये, खील-बताशे, फूल-माला, मूर्तियां और सजावटी सामान बेचने वालों की अच्छी बिक्री हुई। दुकानदारों के मुताबिक इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बिक्री बेहतर रही।