- 20 व 21 सितंबर को मध्य प्रदेश के धार में होने वाले चयन में हिस्सा लेंगे विभिन्न खेलों के खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से तीरंदाजी, बैडमिंटन व ताइक्वांडो में चयन के लिए ट्रायल देने का मौका है। इसमें सफल होने के बाद खिलाड़ियों को 20 व 21 सितंबर को मध्य प्रदेश के धार में होने वाले आवासीय प्रशिक्षण के लिए शामिल होने का मौका मिलेगा।
भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से 20 व 21 सितंबर को मध्य प्रदेश के धार में होने वाले तीरंदाजी के आवासीय प्रशिक्षण, बैडमिंटन के आवासीय व गैर आवासीय प्रशिक्षण एवं ताइक्वांडो के आवासीय प्रशिक्षण के लिए बालक व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों से आवेदन मांगे गए हैं। 12 से 18 वष्र के आयु वर्ग के खिलाड़ी जहां आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, वहीं गैर आवासीय प्रशिक्षण में 14 से 18 वर्ष के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। खिलाड़ी पात्रता व बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इसमें चयनित होेंगे व प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। खिलाड़ियों को ट्रायल में जाने के दौरान अपने पास आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, चार पासपोर्ट साइज फोटो, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं खेल क्षेत्र में तीन वर्ष की उपलब्धियों का प्रमाणपत्र भी साथ में रखना होगा।
-
यह होंगे ट्रायल के पात्र
साई केंद्र में चयन के लिए वे ही खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने खेलो इंडिया, नवोदय, केंद्रीय विद्यालय एवं पब्लिक स्कूल से जुड़े जिला स्तरीय अंतर जनपदीय विद्यालयीय प्रतियोगिता व क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए पहला, दूसरा अथवा तीसरा स्थान प्राप्त किया हो। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में देश का प्रतिनिधित्व किया हो, राज्य स्तरीय, विश्वविद्यालयीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त किया हो।
भारतीय खेल प्राधिकरण में प्रशिक्षण प्राप्त करना सभी खिलाड़ियों का सपना होता है। मेधावी खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग करें व अपनी प्रतिभा दिखाएं।
धर्मेंद्र कुमार, उप क्रीड़ाधिकारी