मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में हुई बैठक में बनी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों को पूरा कराने के लिए 21 सितंबर को जिला मुख्यालय पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से धरना होगा। राज्य कर्मचारी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहते हुए धरने को सफल बनाएं।
ये बातें राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष श्रीभागवत सिंह ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में हुई परिषद के पदाधिकारियों की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिए सभी कर्मियों को एकजुट होना होगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय सचिव संजय मिश्रा ने कहा कि यदि सरकार की ओर से पुरानी पेंशन को बहाल नहीं किया जाता है तो संगठन को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। कर्मी व शिक्षक अपनी एकजुटता बनाए रखें। जिलाध्यक्ष बलराम निगम ने कहा कि धरने में अधिक से अधिक शिक्षकों की प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाएगी। परिषद के जिला संयोजक घनश्याम पांडेय, जिला मंत्री कमलेश सिंह, शिवशंकर राय, विजय प्रकाश सिंह समेत अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखते हुए धरने को सफल बनाने में सहभागी बनने को कहा। इस दौरान रामसुग्रीव वर्मा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।