फरेंदा। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता स्वीप कार्यक्रम के तहत सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को लेकर छात्राओं ने मनमोहक रंगोली सजाई। एनसीसी कैडेट्स व अन्य विद्यार्थियों ने रैली निकाली। रैली को प्रधानाचार्य शाकिर हुसैन व लेफ्टिनेंट एसके गौड़ ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली विद्यालय परिसर से निकलकर विष्णु मंदिर, तहसील तिराहा, आंबेडकर तिराहा, रेलवे स्टेशन रोड, नगर पंचायत कार्यालय होते हुए विद्यालय पहुंची। विद्यालय में एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स व कक्षा 11 की छात्राओं में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई। रंगोली प्रतियोगिता में नीलम प्रथम, संजना यादव द्वितीय व शिप्रा चौधरी तीसरे स्थान पर रहीं। सभी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्य ने मेडल देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि मतदान सभी के लिए जरूरी है। मतदान के दिन सभी काम को छोड़कर मतदान करना चाहिए। हमारे एक-एक वोट से देश की तकदीर व तस्वीर बदलती है। उपप्रधानाचार्य एसके गौड़ ने कहा लोकतंत्र के महापर्व में सबकी भागीदारी आवश्यक हैं। छात्र अपने परिजनों को मतदान के लिए प्रेरित करें। इस दौरान डॉ. ज्योति सिंह, सतीश कुमार पाठक, अवधेश सिंह, जितेंद्र पांडेय, प्रवीण वर्मा, डीएस दूबे मौजूद रहे।