महराजगंज। भाई-बहन के अटूट रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन को लेकर समूचे जिले में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को विद्यालयों में छात्राओं ने रंगोली बनाकर छात्रों और भारत नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों और पुलिस कर्मियों को तिलक लगाकर उनकी कलाई में राखी बांधी। परसामलिक प्रतिनिधि के अनुसार, सोनौली कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर बीओपी कैंप में शुक्रवार को सीमा जागरण मंच के तत्वावधान में गिरिजा शंकर पांडेय के नेतृत्व में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम स्कूल की छात्राओं ने एसएसबी जवानों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई में राखी बांधकर मिठाई खिलाई। भगवानपुर बीओपी के सहायक कमांडेंट दल सानिया हर सुख लाल रूपा भाई के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में जवानों बचन दिया गया कि आपकी सुरक्षा ही हमारा दायित्व है।
नौतनवा और खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन एवं सीमा जागरण मंच की ओर से एसएसबी मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने कार्यवाहक सेनानायक विपल्व दौला गजऊ की देखरेख में सभी जवानों को राखी बांध आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी, संगठन के जिलाध्यक्ष सुधाकर जायसवाल, दुर्गा मद्धेशिया, जनार्दन मिश्रा मौजूद रहे। ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार, मानव सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ठूठीबारी में भारत नेपाल बाॅर्डर पर तैनात एसएसबी और ठूठीबारी कोतवाली पुलिस के जवानों को राखी बांधकर उनके लंबी उम्र की कामना की।