युवती के हाथ और सिर पर चोट के निशान, शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा खुर्द गांव के पास नारायणी शाखा नहर में मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा खुर्द गांव के पास नारायणी शाखा नहर में एक युवती का शव मिला। युवती के हाथ और सिर में चोट के निशान दिखे हैं। जिसको देखकर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा खुर्द गांव के पास नारायणी शाखा नहर में राहगीरों ने एक युवती का शव देखा। जिसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद शव मिलने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाल पहचान कराने में जुट गई, लेकिन युवती के शव का पहचान नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक युवती की उम्र करीब 25 वर्ष थी। युवती के हाथ और सिर पर चोट के निशान थे। ऐसे में प्रतीत हो रहा था कि युवती की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है।
घुघली थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय ने कहा कि शव को नहर से बाहर निकाल कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती के शरीर पर हरे रंग का सलवार और सूट था। युवती के शव की अभी पहचान नहीं हो सकी है।