महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर से 20 मार्च की शाम को लापता हुई युवती का शव बुधवार को गांव के तालाब में मिला। युवती का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहनापुर के रहने वाले देवेंद्र गुप्ता की 19 साल की बेटी अनिता 20 मार्च की शाम को मां के डांट से आहत होकर अचानक लापता हो गई थी। परिवार के लोगों ने आस-पड़ोस में तलाश करने के साथ ही रिश्तेदारियों में भी तलाश की लेकिन युवती का कहीं पता नहीं चल सका।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने 21 मार्च को गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बुधवार को दोपहर घर के पीछे स्थित तालाब में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया।
परिवार के लोग कपड़े देखने के बाद पास गए तो वह आनिता का शव था। थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।