निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के माधवनगर तुर्कहिया गांव में बृहस्पतिवार को खेलते समय एक बच्ची चक्कर खाकर गिर गई, जिससे वह बेहोश हो गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अत्यधिक गर्मी के चलते बच्ची की मौत की आशंका जताई जा रहा है।
विज्ञापन
माधवनगर तुर्कहिया निवासी संतोष के घर पर भागवत पुराण का आयोजन चल रहा है। इसमें शामिल होने के लिए घर पर मेहमानों के साथ बच्चे भी आए थे। बच्चों के साथ संतोष की बिटिया श्रेया (10) खेल रही थी। इसी बीच अचानक उसे चक्कर आ गया और वह गिरकर अचेत हो गई। परिजन श्रेया को अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने कहा की अस्पताल आने से पहले बच्ची की मौत हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक बच्ची के साथ ऐसा कभी कुछ हुआ नहीं था। अत्यधिक गर्मी के चलते बच्ची को चक्कर आया, जिससे उसकी मौत हो गई।