अप्रैल माह में पुरंदरपुर व श्यामदेउरवा थाने में नशीली दवा के तस्करी में पकड़े गए थे आरोपी
फरेंदा। पुरंदरपुर पुलिस ने नशीली दवाओं एवं इंजेक्शन की तस्करी में संलिप्त एक संगठित आपराधिक गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई की है। पांच तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष पुरंदरपुर गौरव कन्नौजिया के अनुसार, पुलिस टीम की जांच में पता चला कि एक गिरोह आर्थिक एवं भौतिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, टैबलेट एवं सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त एवं तस्करी करने का कार्य संगठित रूप से कर रहा था। साथ ही युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर समाज में अपराध को बढ़ावा दे रहा था। गिरोह के सदस्य सुनियोजित तरीके से विभिन्न क्षेत्रों में नशीली दवाओं की सप्लाई कर अवैध लाभ अर्जित करते थे।
पुलिस टीम ने गैंग के अगुआ योगेश तिवारी निवासी कैथवलिया, पोस्ट गोपलापुर, थाना खोराबार, गोरखपुर, गैंग के सदस्य मुकेश कुमार पांडेय निवासी भारत भारी, थाना डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर, रामसमुश केवट निवासी खरोहवा, थाना बेलीपार, जनपद गोरखपुर, नवीन कुमार गौतम निवासी अंधियारीबाग उत्तरी, थाना गोरखनाथ, जनपद गोरखपुर और संदीप कुमार निवासी डोहरिया, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के विरुद्ध पहले के आपराधिक विवरण को संज्ञान में लेते हुए सभी आरोपियों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अप्रैल माह में पुरंदरपुर व श्यामदेउरवा थाने में उक्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा चुका है। मामले को लेकर सभी पांचों सदस्य एक ही गिरोह के सदस्य हैं। उनके विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।