महराजगंज जिले में नौतनवां कस्बे के एक निजी स्कूल की गंदी मैम की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में कुछ नहीं दिखने का हवाला देकर अज्ञात पर केस दर्ज कर चुकी है। बच्ची के साथ गंदी हरकत करने वाली मैम की सोमवार को भी पुलिस पहचान नहीं कर पाई। बच्ची की मां के अनुसार मैम को बच्ची पहचान जाएगी। उसने आरोप लगाया कि पुलिस की जांच सुस्त है। बच्ची के नाना ने बताया कि सोमवार को बच्ची का मेडिकल परीक्षण पुलिस ने कराया है।
उन्होंने बताया कि घर पर बच्ची गंदी मैम की कारस्तानी को ठीक ढंग से बता रही है। लेकिन, जब कोई तेज आवाज में पूछता है तो वह डर जाती है। उन्होंने बताया कि किसी तरह कार्रवाई तो की गई। लेकिन, गंदी मैम कहां है, इस बारे में पुलिस जानकारी हासिल नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बच्ची का कलमबंद दर्ज होगा।
इसे भी पढ़ें: डीएम के निर्देश पर FIR: गंदी मैम ने मासूम के साथ की ऐसी हरकत, शर्मसार हुए लोग, बोले- अब स्कूल भी सुरक्षित नहीं
बच्ची के नाना ने आरोप लगाया कि गंदी मैम की पहचान करने में पता नहीं क्यों पुलिस ढिलाई बरत रही है। रविवार की शाम को पुलिस बच्ची को स्कूल ले गई थी। बच्ची ने बाथरूम को भी दिखाया था। उसके साथ मां भी थी।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष ढंग से की जा रही है। शुरुआत में ही सीसीटीवी फुटेज को देखा गया है। कुछ आपत्तिजनक तस्वीर नहीं दिखी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज है। किसी निर्दोष का सजा न मिले, इसे ध्यान में रखते हुए बेहद बारीकी से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में विवेचना की जा रही है।