संगोष्ठी में सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान
भारद्वाज इंटर कॉलेज में महात्मा गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर हुई संगोष्ठी
महराजगंज। भारद्वाज इंटर कॉलेज में महात्मा गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वक्ताओं ने महात्मा गांधी के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज के डायरेक्टर एवं गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को केवल जीवन दर्शन तक सीमित नहीं रखा बल्कि इन्हें सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया। युवा पीढ़ी उनके विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अध्यक्षता करते हुए पीजी कॉलेज के पूर्व राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा ने कहा कि गांधी का चिंतन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों की मजबूत आधारशिला है। विद्यार्थियों को गांधी को केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित न रखकर उनके विचारों को व्यवहार में उतारना चाहिए।
सिटीजन फोरम के सचिव शमशुल हुदा खान ने कहा कि गांधीजी का स्वच्छता, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश आज भी महत्वपूर्ण है। समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को महान व्यक्तित्वों के विचारों से जोड़ते हैं। इस दौरान सत्यनारायण प्रसाद यादव, प्रह्लाद प्रसाद वर्मा, सौरभ सिंह, दिलीप दुबे, प्रदीप चौबे, अश्वनी तिवारी, आदित्य नारायण पांडे, माया, राजकुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।