महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद डिजिटल शिक्षा का दायरा गुणवत्ता के लिए बढ़ा रहा है। जिले में संचालित 29 राजकीय स्कूलों में इंटरनेट की निशुल्क सुविधा 15 अगस्त से प्रभावी की जाएगी।
इसके लिए बीएसएनएल राउटर ब्राॅड-बैंड लगाया जाएगा जिससे एक निश्चित दायरे में ओपन वाईफाई की सुविधा युवा विद्यार्थियों व शिक्षकों को मिलेगी।
हाईस्पीड इंटरनेट फिक्वेंशी से विभागीय कार्य भी आसान होगा। राज्य परियोजना कार्यालय की तरफ से इसके प्रबंध समग्र शिक्षा के तहत किया जा रहा है। विभाग इसकी खरीद पूरे राज्य के लिए एक साथ कर रहा है जिसकी देयता जनपद के भारतीय दूरसंचार विभाग की होगी।
जनपद में कुल 29 राजकीय माध्यमिक स्कूलों का संचालन है जिसमें नामांकित विद्यार्थियों की संख्या 6 हजार से अधिक है। समग्र शिक्षा-माध्यमिक की तरफ से राजकीय विद्यालयों को हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।राज्य परियोजना कार्यालय की तरफ से इसके पत्र जिले को प्राप्त हुए हैं जिसमें एक अगस्त से 14 अगस्त 2025 तक जनपदीय बीएसएनएल आफिस से हाईस्पीड ब्राडबैंड राउटर प्राप्त कर स्कूल में स्थापित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके लिए स्थानीय स्तर से किसी प्रकार का भुगतान नही करना होगा और कुल 10 माह तक इससे हाईस्पीड इंटरनेट का उपयोग 24 घंटे तक अनलिमिटेड किया जा सकेगा। इस सुविधा के शुरू होने से शिक्षा डिजिटलीकरण की मुहिम और तेज होगी। राजकीय सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने बताया कि एआई के आने से डिजिटल शिक्षा आसान हुई है। संवाद