महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के उस्का गांव निवासी तीन लोगों से जालसाजों ने कुवैत भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और एयर टिकट देकर 2.70 लाख की ठगी कर ली। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने कौशाम्बी, रामपुर और कर्नाटक निवासी जालसाजों पर केस दर्ज कर लिया।
पीड़िता सुनीता देवी निवासी उस्का ने न्यायालय में दाखिल वाद में बताया कि वह अनुसूचित समुदाय की है। उनकी आर्थिक हालात ठीक नहीं है। ऐसे में पति संजय कुमार की मुलाकात समसुद्दीन निवासी हाउस नंबर 64 सिवाक्रास कैम्पन्ना लायक बंगलुरू कर्नाटक से हुई। उन्होंने पति से कहा कि मेरे दो लोग मित्र हैं जो बेरोजगारों को विदेश भेजने का कार्य करते हैं।
समसुद्दीन ने पति को अपने मित्र सुधीर कुमार निवासी बड़ारोनी थाना व जनपद कौशाम्बी और राजा खान निवासी मकान नंबर 57 रौगवी नगर थाना व जनपद रामपुर से मुलाकात कराई। दोनों ने पति से कहा कि हमारे पास कुवैत का अच्छा वीजा है। आप दो-तीन लोगों की और व्यवस्था करिए। उन लोगों को भी विदेश भेज दूंगा। हर व्यक्ति का 90000 रुपये लगेगा।
इसके बाद पति ने दो और लोगों को तैयार कर लिया। उसके बाद आरोपियों ने वीजा और मेडिकल के लिए रकम की डिमांड की। पति संजय कुमार ने 52000 रुपये नकद दे दिया। करीब एक सप्ताह बाद पति के पास फोन आया कि कुवैत का वीजा आ गया है। शेष बचे रकम दे दीजिए। फिर गुगल पे के माध्यम से 143000 सुधीर कुमार व सहवान के मोबाइल पर व समसुद्दीन के खाते में 75000 रुपये भेज दिया गया। पैसा भेजने के बाद उक्त तीनों लोगों की ओर से वीजा व एयर टिकट दिया गया। उसके बाद जब पति और गांव के दो अन्य लोग एयरपोर्ट काउंटर पर पहुंचे, तो पता चला कि वीजा और एयर टिकट फर्जी है। उसके बाद वह घर चले आए। 10 जुलाई 2024 को मोबाइल फोन से बात हुई तो आरोपी अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे।
पनियरा थाना प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह के अनुसार मामले में न्यायालय के आदेश पर जालसाज समसुद्दीन निवासी हाउस नंबर 64 सिवाक्रास कैम्पन्ना लायक बंगलुरू कनार्टक, सुधीर कुमार निवासी वड़ारोनी थाना व जनपद कौशाम्बी और राजा खान निवासी मकान नंबर 57 रौगवी नगर थाना व जनपद रामपुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद