महराजगंज। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में अधिक से अधिक यात्रियों को ले जाने में परिवहन निगम जुटा है। महाकुंभ का दूसरा स्नान मौनी अमावस्या पर 29 जनवरी को है।
इसमें महराजगंज डिपो से अलग-अलग स्थान पर न सिर्फ रोडवेज की बसें लगा दी गई हैं, बल्कि नोडल के रूप में परिवहन कर्मियों को भी तैनात कर दिया गया है, जो क्षेत्र के ग्राम प्रधानों व अन्य से मिलकर जाने वाले श्रद्धालुओं से संपर्क साध रहे हैं बसों की बुकिंग के साथ यात्रियों के लिए सीट रिजर्व कर रहे हैं। विभाग की यह कोशिश रंग ला रही है और अबतक 9 बसों की बुकिंग पूरी हो चुकी है।
मौनी अमावस्या पर प्रयागराज जाने के लिए महराजगंज डिपो से 90 बसें तैयार की गई हैं। 20 बसें पनियरा गांधी पार्क में जाने के लिए लगाई गई हैं। यहां निगम कर्मी योगेंद्र लाल श्रीवास्तव नोडल हैं। वह आसपास के ग्राम प्रधानों के संपर्क कर जाने वाले श्रद्धालुओं की सीट बुक कर रहे हैं। बताया कि चार बस अब तक बुक हो चुकी है जो 26 की शाम को यहां से निकलेगी।
इसी तरह निचलौल में 20 बसों के लिए कर्मचारी के रूप में राजीव कुमार जिम्मेदारी देख रहे हैं। वह बताते हैं कि एक बस बुक है जो 27 जनवरी की सुबह जाएगी अन्य बसों के लिए भी यात्री सीट बुकिंग करा रहे हैं। महराजगंज बस स्टेशन से 50 बसों को भेजने की रणनीति के तहत काम हो रहा है। नोडल के रूप में रमजान अली लगे हैं जो 4 बसों की बुकिंग कर चुके हैं। बताते हैं कि 28 तक सीटों की बुकिंग के निर्देश हैं और 50 बसों की उनपर जिम्मेदारी है। वह संपर्क का इस्तेमाल करते हुए अधिक से अधिक बुकिंग करने में जुटे हैं। ो