महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के भेड़िया गांव में मनरेगा पार्क बनाने में गड़बड़झाला सामने आया है। इसमें एक ही काम का दो बार भुगतान कर दिया गया है। सबसे हैरानी की बात है कि फर्म नहीं बल्कि एक व्यक्ति के खाते में करीब 1,34,272 रुपये का भुगतान किया गया है। मामले में ग्राम प्रधान और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
विकास खंड निचलौल के ग्राम पंचायत भेड़िया मनरेगा पार्क में कार्य का दोहरा भुगतान हुआ है। यहां मिट्टी एवं समतलीकरण कार्य के नाम पर पहले ही मनरेगा के मद से 5.28 लाख रुपये का भुगतान किए जाने के बावजूद, उसी कार्य के लिए पंचायत निधि से दोबारा 1,34,272 रुपये भुगतान कर दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह अतिरिक्त भुगतान किसी पंजीकृत फर्म या आपूर्तिकर्ता को न देकर सीधे एक व्यक्ति के निजी बैंक खाते में किया गया है।
ग्राम पंचायत भेड़िया में वर्ष 2023-24 के दौरान मनरेगा योजना के अंतर्गत एक पार्क का निर्माण कराया गया था। इस पार्क के निर्माण के लिए ग्राम प्रधान, सचिव और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की ओर से कुल तीन एस्टीमेट तैयार किए गए थे। एस्टीमेट के अनुसार अलग-अलग तिथियों में कार्य कराए गए और उनके भुगतान भी किए गए। कागजों में सभी कार्यों को नियमानुसार पूर्ण दर्शाया गया, लेकिन अभिलेखों की गहन जांच करने पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पहला एस्टीमेट सितंबर 2023 में तैयार किया गया था। इस एस्टीमेट की कुल लागत 17,95,415 रुपये दर्शाए गए। इसमें से 16,50,763 रुपये का भुगतान किया गया। यह भुगतान पार्क के प्रारंभिक निर्माण कार्यों से संबंधित बताया गया। दूसरा एस्टीमेट 8 अगस्त 2024 को शुरू हुए कार्य का था। इसमें मनरेगा पार्क के प्रांगण में मिट्टी और समतलीकरण का कार्य कराया गया। इस कार्य का एस्टीमेट 5,67,843 रुपये का था, जबकि भुगतान 5,28,273 रुपये किया गया।
अभिलेखों के अनुसार, इस कार्य का भुगतान 30 अगस्त 2024 को कर दिया गया और इसे पूर्ण भी दिखा दिया गया। तीसरा एस्टीमेट 22 नवंबर 2024 को तैयार किया गया, जिसमें मनरेगा पार्क के अंदर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया। इस एस्टीमेट की कुल लागत 9,90,509 रुपये दिखाई गई, जबकि 9,17,899 रुपये का भुगतान किया गया।
इंटरलॉकिंग का कार्य तभी संभव होता है जब मिट्टी और समतलीकरण का कार्य पूरी तरह से पहले ही पूरा हो चुका हो। ऐसे में यह साफ है कि अगस्त 2024 तक मिट्टी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए थे।