सोनौली। सोनौली से सटे भैरहवा में अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों से पैसे मांगने के आरोप में नेपाल की भैरहवा पुलिस ने चार भारतीय महिलाओं को गिरफ्तार किया है। स्थानीय पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर चार भारतीय महिलाओं को रूपनदेही पुलिस ने हिरासत में लिया। आरोप है कि वे भैरहवा के विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर लोगों को कागजात दिखाते हुए आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांग रही थीं। बताया गया कि महिलाएं परिजनों के इलाज, बच्चों की पढ़ाई और धार्मिक कार्यों के नाम पर लोगों से सहयोग राशि मांग रही थीं। महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर रूपनदेही पुलिस ने उन्हें बाजार क्षेत्र से हिरासत में लिया। डीएसपी कृष्ण कुमार चंद ने बताया कि चारों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।