क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय, रात के अंधेरे में धड़ल्ले से हो रहा खनन
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के आरोप में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर सहित ट्रैक्टर को सीज कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात में श्यामदेउरवां पुलिस ने नायब तहसीलदार के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त पाए गए दो ट्रैक्टर ट्रॉली, एक ट्रैक्टर ट्रॉली बिना नंबर की तथा एक लोडर सहित ट्रैक्टर को पकड़कर सीज कर दिया। सभी वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के कई गांवों के आसपास लंबे समय से अवैध खनन का कार्य चल रहा है। रात के समय खेतों और पोखरों के आसपास से मिट्टी निकालकर बड़े पैमाने पर बिक्री की जा रही है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांव की सड़कों की हालत खराब हो रही है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
कार्रवाई करने वाली टीम में नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, उप निरीक्षक अंजनी कुमार पुलिस शामिल रहे। नायब तहसीलदार का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।