जाम में फंसे स्कूली बच्चे, मजदूर और राहगीर, सड़क पर बिखरा सैकड़ों बोरा गेहूं
देर रात हुआ हादसा, निचलौल से सिसवा बाजार की ओर जा रहा था ट्रेलर
मिठौरा। निचलौल-सिसवा मार्ग पर बुधवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लालपुर गांव के समीप गेहूं से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद देखते ही देखते पूरे मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
सड़क पर बिखरे गेहूं और पलटे ट्रेलर के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार की देर रात ट्रेलर निचलौल से सिसवा बाजार की ओर जा रहा था। लालपुर के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और जोरदार आवाज के साथ सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में लदा गेहूं सड़क पर फैल गया। इस वजह से सुबह पूरा मार्ग जाम हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया लेकिन बाद में मौके से लापता हो गया।
सुबह का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही अधिक थी। जाम में स्कूल जाने वाले बच्चे, दिहाड़ी मजदूर, बाइक सवार और जरूरी काम से निकलने वाले लोग घंटों फंसे रहे। कई लोग भीषण गर्मी में सड़क किनारे खड़े होकर जाम खुलने का इंतजार करते नजर आए। छोटे वाहन चालकों ने गांव के अंदरूनी रास्तों से निकलने की कोशिश की, लेकिन वहां भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात संभालने में जुट गई। काफी देर तक मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन बुलाकर पलटे ट्रेलर को सड़क के किनारे से हटवाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। सड़क पर फैले गेहूं को भी स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से हटाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निचलौल-सिसवा मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों की वजह बन रही है। सड़क संकरी होने और यातायात दबाव अधिक रहने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इस संबंध में एसओ निचलौल ने बताया कि ट्रेलर को हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।