दिन और रात मिट्टी खनन की सूचना पर एसडीएम व नायब तहसीलदार ने मारा छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बड़हरा रानी के समीप हड़बड़हवा के पास अवैध उपजिलाधिकारी सदर दिनेश कुमार मिश्रा ने बुधवार को छापा मारा। मिट्टी भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक लोडर पकड़ कर सीज की कार्रवाई कर कलक्ट्रेट पुलिस को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया।
दिन और रात में मिट्टी का धड़ल्ले से खनन हो रहा है। खनन माफिया खाली पड़ी जमीन पर लोडर ट्रैक्टर-ट्राली को लगाकर मिट्टी का खनन करने में जुट जाते हैं। रात भर मिट्टी भरी ट्रैक्टर ट्राॅली सड़कों पर फर्राटा भरकर मिट्टी उठान करते हैं। सूत्र बताते हैं कि अवैध मिट्टी खनन के धंधे में कई लोग संलिप्त हैं। तहसील से सांठगांठ कर अपना धंधा कर रहे है। शिकायत होने के बाद खनन माफिया अपने धंधे की रफ्तार थोड़ी कम कर देते हैं, बाद में फिर से पूरी तेजी से अपने धंधे में लग जाते हैं।
बुधवार को खनन होने की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्रा व नायब तहसीलदार सदर देश दीपक तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। मौके से पुलिस ने मिट्टी से भरी चार ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक लोडर को पकड़ा जबकि खनन में लगे लोग ट्रैक्टर व लोडर छोड़कर फरार हो गए।
उप जिलाधिकारी सदर दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अवैध मिट्टी का खनन करते हुए मिले एक लोडर और चार ट्रैक्टर ट्राली को सीज कर दिया गया है। वाहनों को पुलिस को सुपुर्द किया गया है।