बाइक न देने पर जान से मारने की धमकी
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि मीना देवी की तहरीर पर आरोपी पति जयप्रकाश, गायत्री, दिनेश, कमलेश के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ग्राम मोहनगढ़, थाना बृजमनगंज निवासी मीना देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी प्रियंका की शादी 2 मई 2025 को जयप्रकाश निवासी ग्राम बकैनिया, थाना कोल्हुई से हुई थी। शादी में उन्होंने डेढ़ लाख रुपये नकद दहेज दिया। इसके कुछ दिनों बाद सोने की अंगूठी और माला भी दी। आरोप है कि शादी के बाद जयप्रकाश ने बाइक की मांग शुरू कर दी। जब मीना देने में असमर्थ रहीं तो जयप्रकाश, दिनेश निवासी ग्राम अगया, थाना पुरंदरपुर, कमलेश और गायत्री ने मिलकर प्रियंका को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वे प्रियंका के साथ मारपीट करते और कहते कि मायके से बाइक न दिलवाई तो जान से मार देंगे या घर से निकाल देंगे। प्रियंका लगातार डर और मानसिक तनाव में जी रही है।