बाइक के डिवाइडर पार करके गलत लेन पर आने से हुआ हादसा, दोनों बाइकों पर सवार थे दो-दो लोग
गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौतनवा थाना क्षेत्र के पैसिया बाबू पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
अड्डा बाजार। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौतनवा थाना क्षेत्र के पैसिया बाबू पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दोपहर बाद 3:15 बजे दो बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में अब्दुल रशीद नामक एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।
संपतिहा चौकी इंचार्ज जय प्रकाश सिंह के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के गांव सिसवनिया विशुन निवासी दुर्गा शंकर चौबे बाइक पर शिवकांत पाण्डेय को बैठाकर नौतनवा से कोल्हुई की ओर जा रहे थे। इसी बीच पैसिया बाबू पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद एक बाइक चालक अचानक डिवाइडर लांघकर गलत लेन पर आ गया, इसी वजह से हादसा हो गया।
गलत लेन में जाने वाली बाइक पर नेपाल के मंझरिया गांव निवासी अब्दुल रशीद और मोहम्मद मुदस्सिर सवार थे। घटना में तीन लोगों को सामान्य चोट लगी है। वहीं अब्दुल रशीद को गंभीर चोट लगी है। उन्हें एंबुलेंस से लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। साथ ही दूरभाष के जरिए उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
एसओ नौतनवा अभिषेक सिंह ने कहा कि दोनों बाइक सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी ले जाई गई हैं। तहरीर मिलने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।